खाद्य सामग्री पर प्रिंट रेट से अधिक राशि वसूलने को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर डीएसओ ने दो दुकानदारों पर 25-25 हजार रुपए जुर्माना लगाया और एक की दुकान सीज की है। थानाधिकारी हनवंत सिंह ने बताया कि कृषि मंडी स्थित भंवरलाल रंगलाल आइल्स प्राइवेट लिमीटेड के अरविन्द पुत्र जयंतीलाल जैन और आरबी ट्रेडिंग कंपनी के रविन्द्र पुत्र ब्रजलाल मोटवानी पर 25-25 हजार रुपए जुर्माना लगाया है।
साथ ही सेक्टर 3 विवेक नगर स्थित जय झामेश्वर दूध डेयरी और जनरल स्टोर को सीज किया जिसका मालिक विनोद पुत्र केवा पटेल है। उन्होंने बताया कि शहर में खाद्य सामग्री पर प्रिंट रेट से ज्यादा राशि वसूलने की शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद एएसपी सिटी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने जिला स्पेशल टीम और थाने के जाप्ते की टीम बनाई।
मिल रहीं थीं शिकायतें
कृषि मंडी में ज्यादा राशि लेने की शिकायत प्राप्त हुई तो मौके पर पहुंचे। वहां पर व्यापारी भंवरलाल रंगलाल आइल्स प्राइवेट लिमीटेड के अरविन्द और आरबी ट्रेडिंग कंपनी के रविन्द्र द्वारा सामग्री पर ज्यादा राशि वसूलने और बिल नहीं देना पाया गया।
मौके पर डीएसओ जयमल सिंह राठौड़ और एसीटीओ श्यामप्रताप सिंह को बुलाया जिन्होंने कार्रवाई करते हुए 25000-25000 का जुर्माना लगाया। इसी प्रकार सेक्टर 3 विवेक नगर स्थित जय झामेश्वर दूध डेयरी और जनरल स्टोर को सीज किया।
जांच में पाया कि मालिक विनोद पटेल अपनी दुकान से किराने के सामान पर अधिक राशि वसूल रहा था। एडिशनल डीएसओ जयमल सिंह राठौड और एसीटीओ श्याम प्रताप सिंह ने दुकान को सीज करने की कार्रवाई की।